पप्पू तांती हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी के भांजे ने किया सरेंडर; शूटर और लाइजनर गिरफ्तार

भागलपुर। बबरगंज थाना क्षेत्र के कुतुबगंज मोहद्दीनगर निवासी भाजपा मंडल अध्यक्ष पप्पू तांती हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में मुख्य आरोपी शशि मोदी के भांजे कृष्णा मोदी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। वहीं पुलिस ने हत्याकांड में शामिल एक शूटर और एक लाइजनर को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक आठ आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है, जबकि दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

 

Sponsored Advertisement

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुतुबगंज निवासी सुमन कुमार और मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी नितीश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, नितीश कुमार हत्याकांड में शूटर की भूमिका में शामिल था, जबकि सुमन कुमार पर लाइजनर के तौर पर जुड़े होने का आरोप है। दोनों से पूछताछ कर पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।

 

भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने प्रेस वार्ता में हत्याकांड की जांच से जुड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पुलिस की जांच के अनुसार पप्पू तांती की हत्या के लिए मुख्य आरोपी शशि मोदी ने कथित तौर पर तीन लाख रुपये की सुपारी दी थी। पुलिस का कहना है कि घटना के दिन शशि मोदी अपने घर पर मौजूद था और वारदात को अंजाम देने वाले लोगों के संपर्क में था।

 

एसएसपी के अनुसार, पुलिस को इस हत्याकांड में शामिल आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं। मुख्य आरोपी शशि मोदी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा मामले में गिरफ्तार अन्य आरोपियों को भी रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की प्रक्रिया जारी है, ताकि हत्या की साजिश, भूमिका और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट किया जा सके।

 

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी के भांजे कृष्णा मोदी के कोर्ट में सरेंडर करने के बाद जांच में एक और कड़ी जुड़ी है। वहीं फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की भूमिका की जांच साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Posts

जहानाबाद में एसपी ने 20 से अधिक यूपीएससी अभ्यर्थियों को दिए सफलता के मंत्र, गुलदस्ते की जगह फूलगोभी से हुआ स्वागत

जहानाबाद जिले के काको स्थित कैनात इंटरनेशनल स्कूल में बुधवार को विश्व तनाव जागरूकता दिवस के अवसर पर कैनात फाउंडेशन और जामिया कैनात के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित…

रोहतास में छठ घाटों का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश

लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए रोहतास जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *