भागलपुर। नवगछिया के रंगरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने हत्या की साजिश को वारदात से पहले ही नाकाम कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से पुलिस ने 3 देशी कट्टा, 1 पिस्टल और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति की हत्या की योजना बना रहे थे।
पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान रंगरा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मुरली गांव निवासी हीरालाल कुमार उर्फ राजा कुमार ने अपने घर में अवैध हथियार छिपाकर रखे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने हीरालाल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से एक पिस्टल, दो देशी कट्टा और 14 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस को इस मामले में करारी तीनटंगा निवासी सोनू कुमार यादव के शामिल होने की जानकारी मिली।
हीरालाल की निशानदेही के आधार पर पुलिस ने सोनू कुमार यादव की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की। इसी क्रम में पुलिस ने मुरली चौक के पास वाहन जांच अभियान चलाया। वाहन जांच के दौरान पुलिस ने सोनू कुमार यादव को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा सामने आया है। दोनों आरोपित कथित तौर पर छोटू कुमार की हत्या की साजिश रच रहे थे। हालांकि, पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया, जिससे संभावित वारदात को टाला जा सका।
पुलिस अब गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद हथियार और कारतूस कहां से लाए गए थे तथा इस साजिश में इनके अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






