भाजपा नेता उमा भूषण तांती हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, वार्ड पार्षद दीपिका कुमारी गिरफ्तार

भागलपुर। भाजपा के श्रीनारायण साह मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) को बड़ी सफलता मिली है। एसआईटी में शामिल महिला पुलिस पदाधिकारियों की टीम ने हत्याकांड की साजिश में कथित संलिप्तता के आरोप में वार्ड संख्या-51 की वर्तमान पार्षद दीपिका कुमारी को कुतूबगंज से गिरफ्तार किया है। दीपिका कुमारी पूर्व पार्षद सह पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष शशि मोदी की पत्नी हैं।

 

Sponsored Advertisement

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर दीपिका कुमारी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। एसआईटी से जुड़े वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी के अनुसार, तकनीकी सेल और वैज्ञानिक अनुसंधान के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर दीपिका कुमारी की कथित भूमिका की जांच की गई। पुलिस का दावा है कि हत्या की साजिश में उनकी संलिप्तता के साक्ष्य मिले हैं।

 

इस हत्याकांड में पूर्व पार्षद शशि मोदी, उसके भांजे कृष्णा मोदी उर्फ किशन मोदी और एक अज्ञात शूटर को पहले ही नामजद किया जा चुका है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पूरे मामले की मॉनिटरिंग एसएसपी प्रमोद कुमार यादव और सिटी एसपी अतुलेश झा कर रहे हैं।

 

गौरतलब है कि 11 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे बबरगंज थाना क्षेत्र के कुतूबगंज कुम्हार टोली के पास बाइक सवार दो शूटरों ने भाजपा नेता उमा भूषण तांती पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। गंभीर रूप से घायल उमा भूषण को परिजन मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

मृतक के भाई अरविंद तांती के बयान पर पूर्व मंडल अध्यक्ष शशि मोदी, उसके भांजे कृष्णा मोदी और एक अज्ञात अपराधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। परिजनों के अनुसार, हत्या के पीछे कुतूबगंज स्थित काली माता मंदिर और महादेव तालाब पर वर्चस्व को लेकर पुराना विवाद था।

 

अरविंद ने पुलिस को बताया कि मंदिर निर्माण की देखरेख को लेकर उमा भूषण और शशि मोदी के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस अब तकनीकी साक्ष्यों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ते हुए फरार आरोपियों और शूटरों की तलाश में जुटी है।

Related Posts

दरभंगा में रिश्तेदार के घर से चला रहा था गांजा तस्करी का कारोबार, पुलिस ने किया खुलासा

दरभंगा जिले के मनीगाछी के बाजितपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर से 121 किलो 250 ग्राम गांजा जैसा पदार्थ…

सहरसा में पत्रकार से मारपीट मामले में WJAI ने स्वास्थ्य मंत्री से की मुलाकात, प्रदेश स्तरीय जांच कमेटी के गठन का निर्देश

पटना/सहरसा। सहरसा में पत्रकार के साथ हुई कथित मारपीट के मामले को लेकर वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) बिहार के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मुलाकात की।…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *