भागलपुर। बिहार सरकार के नगर विकास मंत्री सह भागलपुर जिला प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने सोमवार को समीक्षा भवन में जिले में बाढ़ और आपदा की स्थिति को लेकर विशेष समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की मौजूदा स्थिति, राहत-बचाव कार्य और प्रभावित लोगों की जरूरतों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों से उनके क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं और बाढ़ पीड़ितों की जरूरतों को लेकर सुझाव लिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मिले सुझावों के आधार पर जिला प्रशासन राहत और बचाव कार्य को आगे बढ़ा रहा है। जिस क्षेत्र में जैसी जरूरत है, वहां उसी के अनुरूप सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आपदा से प्रभावित लोगों की परेशानी को कम करना है। जिला प्रशासन सेवाभाव के साथ लगातार काम कर रहा है और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर प्रभावित इलाकों में राहत पहुंचाई जा रही है। उन्होंने अधिकारियों से राहत व्यवस्था को और बेहतर एवं प्रभावी बनाने को कहा।
प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट किया कि आपदा राहत के मामले में भारत सरकार द्वारा निर्धारित मापदंड और गाइडलाइन का पालन राज्य सरकार भी कर रही है। निर्धारित नियमों के तहत पात्र प्रभावित लोगों को मिलने वाली सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति राहत से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद नुकसान का वास्तविक आकलन करने के लिए विशेष टीम गठित की जाएगी। यह टीम प्रभावित क्षेत्रों में जाकर घरों, फसलों, सड़कों और सार्वजनिक संपत्तियों को हुए नुकसान का जायजा लेगी। आकलन रिपोर्ट के आधार पर निर्धारित नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं मंत्री के सामने रखीं। मंत्री ने अधिकारियों को स्थानीय जरूरतों को गंभीरता से लेते हुए राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। अब प्रशासन की नजर पानी उतरने के बाद होने वाले नुकसान के आकलन पर है, जिसके आधार पर प्रभावित लोगों को नियमानुसार सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू होगी।
वही हमारे संवाददाता द्वारा जब शहर से सटे बरारी पंचायत के मीराचक गांव स्थित मां तारा कॉलोनी का वीडियो मंत्री को दिखाया गया उसके बाद मंत्री ने जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों से इस क्षेत्र का निरीक्षण कर सड़क को ऊंचा करने की बात की गई जिससे कि अगले बाढ़ में लोगों को अपने घर तक पहुंचने में दिक्कत न हो






