जामताड़ा में एसपी की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी, साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने के सख्त निर्देश

जामताड़ा। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बुधवार को पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक सहित विभिन्न कार्यालयों के शाखा प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था और पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न मुद्दों की विस्तार से समीक्षा की गई।

 

Sponsored Advertisement

बैठक के दौरान एसपी ने अगस्त 2026 में जिले में लंबित वारंटों की स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अगस्त माह में कुल 286 वारंट लंबित थे, जिनमें से 35 वारंटों का निष्पादन करते हुए संबंधित आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को शेष लंबित वारंटों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

 

साइबर अपराध पर चर्चा करते हुए एसपी ने जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार छापेमारी और सघन अभियान चलाने को कहा। उन्होंने साइबर ठगी से जुड़े मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया।

 

महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। महत्वपूर्ण मामलों में दोबारा चार्जशीट दाखिल करने की प्रक्रिया तेज करने को भी कहा गया। इसके अलावा साइबर अपराध, अवैध शराब, मादक पदार्थ और बाल विवाह जैसी गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

 

एसपी ने हाल ही में जेल से बाहर आए अपराधियों पर विशेष नजर रखने तथा उनकी गतिविधियों की सूची तैयार कर नियमित रूप से सत्यापन करने को कहा। अपराधियों की धरपकड़ के लिए सूचना तंत्र को मजबूत करने पर भी बल दिया गया।

 

वहीं, सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित पैदल गश्त और वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया, ताकि आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो। पुलिस और जनता के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने के लिए जन-जागरूकता, सामुदायिक पुलिसिंग तथा स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया।

 

अंत में एसपी शंभू कुमार सिंह ने कहा कि जामताड़ा जिला पुलिस आम लोगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

 

रिपोर्ट: संतोष कुमार, जामताड़ा

Related Posts

जामताड़ा में गैस अपडेट के नाम पर साइबर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 3 मोबाइल और 4 सिम जब्त

जामताड़ा। जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जामताड़ा पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना…

जामताड़ा में दौड़ा न्याय रथ, शहरडाल पंचायत के गांवों में पहुंची कानूनी जानकारी

जामताड़ा। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जामताड़ा के तत्वावधान में शहरडाल पंचायत के विभिन्न गांवों में न्याय रथ के माध्यम से सघन विधिक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *