भागलपुर। कहलगांव अनुमंडल के पीरपैंती थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, युवक किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की नीयत से हथियार लेकर घूम रहा था। कार्रवाई के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और पिस्टल की मैगजीन बरामद की गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि पीरपैंती स्टेशन के पास सुंदरपुर गांव स्थित टेंपो स्टैंड में एक संदिग्ध युवक हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पीरपैंती थाना पुलिस और सशस्त्र बल मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक टेंपो स्टैंड में खड़ी एक खाली टेंपो में जाकर छिप गया।
पुलिस को युवक की गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद जवानों ने टेंपो की घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान करीब 25 वर्षीय प्रिंस कुमार यादव, पिता कंकड़ यादव, निवासी मधुवन टोला, थाना पीरपैंती के रूप में हुई।
इसके बाद पुलिस ने युवक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसकी कमर के बाएं तरफ से एक देशी कट्टा बरामद किया गया। वहीं, कमर के पीछे की ओर से पिस्टल की एक मैगजीन भी मिली। पुलिस के अनुसार मैगजीन को अनलोड कर जांच की गई, लेकिन उसमें कोई गोली नहीं मिली।
पुलिस ने बरामद हथियार और मैगजीन को जब्त कर युवक को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पीरपैंती थाना कांड संख्या 402/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से दो मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके पूर्व के मामलों और हथियार रखने के उद्देश्य समेत अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और वह इसे लेकर टेंपो स्टैंड के आसपास किस उद्देश्य से घूम रहा था।






