
सहरसा। सदर थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से जुड़े गंभीर अपराध के मामले में सहरसा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन विधि-विरुद्ध बालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के करीब छह घंटे के भीतर विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों को विधिवत हिरासत में लिया।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को सदर थाना को नाबालिग बालिका से संबंधित घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। आरोप है कि कुछ युवकों द्वारा बालिका को बहला-फुसलाकर एक स्थान पर ले जाया गया, जहां उसके साथ गंभीर अपराध किया गया। घटना के बाद बालिका को प्राथमिक उपचार के लिए सदर अस्पताल, सहरसा भेजा गया। चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर किया।
मामले में पीड़िता की मां के फर्दबयान के आधार पर सदर थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
विशेष टीम ने तकनीकी और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल बताए जा रहे तीन विधि-विरुद्ध बालकों को छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ा दी है।
घटनास्थल का निरीक्षण सदर थाना अध्यक्ष, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर और पुलिस अधीक्षक सहरसा की मौजूदगी में किया गया। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक नमूने एकत्र कर भौतिक साक्ष्यों को वैज्ञानिक तरीके से सुरक्षित किया है।
कार्रवाई में सदर थाना अध्यक्ष पु०नि० अजय कुमार पासवान, पु०अ०नि० अमित रंजन, पु०अ०नि० रोशन कुमार, पु०अ०नि० चंचल कुमारी, पु०अ०नि० शशां कुमारी सहित सदर थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।
पुलिस ने मीडिया और आम लोगों से अपील की है कि पीड़िता और उसके परिवार की गोपनीयता एवं गरिमा का सम्मान करें। साथ ही घटना से जुड़ी अपुष्ट सूचनाओं को प्रसारित करने से बचने की अपील की गई है।





