पलामू/झारखंड। पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर पलामू पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार, 4 सितंबर 2026 को पांडू थाना सहित महुदंड, लाठिया और खजूरी पिकेट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना एवं पिकेट की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पांडू थाना के निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न अभिलेखों, लंबित कांडों, वारंट एवं कुर्की के निष्पादन, पासपोर्ट सत्यापन तथा थाना परिसर की साफ-सफाई और समुचित व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने गंभीर एवं लंबित मामलों के अनुसंधान में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर आरोप-पत्र समर्पित करने का निर्देश दिया।
एसपी ने लंबित वारंट एवं कुर्की के मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के साथ-साथ फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को लंबित मामलों की लगातार समीक्षा करते हुए कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया।
पांडू थाना के निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक ने महुदंड पिकेट, लाठिया पिकेट एवं खजूरी पिकेट का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां तैनात पुलिस बल से बातचीत कर ड्यूटी के दौरान आने वाली समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पिकेट परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, जवानों की आवासीय व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। एसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी करने, क्षेत्र में नियमित गश्ती एवं निगरानी बनाए रखने तथा आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस बल की कार्यक्षमता और मनोबल बनाए रखने के साथ थाना एवं पिकेट की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना विभाग की प्राथमिकता है। सभी पदाधिकारी और जवान पूरी निष्ठा, तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
संवाददाता – सत्यम शुक्ला की रिपोर्ट





