भागलपुर में वरीय पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में जिले की मासिक क्राइम मीटिंग-सह-पुलिस सभा का आयोजन किया गया। बैठक में जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के अनुसंधान और पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान एसएसपी ने अधिकारियों को अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के साथ आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
बैठक में संवेदनशील एवं अपराध प्रभावित क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरतने, नियमित गश्ती बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया। लंबित वारंट और कुर्की के मामलों का त्वरित निष्पादन करने के साथ फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। एसएसपी ने सभी कांडों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध अनुसंधान पर भी विशेष जोर दिया।
रात्रि गश्ती और वाहन जांच अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि असामाजिक तत्वों और अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। वहीं, मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करने की बात कही गई।
बैठक में बढ़ते साइबर अपराध को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। लोगों के बीच साइबर अपराध से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाने और साइबर अपराध से जुड़े मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखने और भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा समाज में तनाव पैदा करने वाले पोस्ट के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
क्राइम मीटिंग के बाद पुलिस सभा का आयोजन हुआ, जिसमें पुलिसकर्मियों की ड्यूटी, संसाधन, स्वास्थ्य एवं कल्याण से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों की समस्याओं के समाधान के साथ उनके मनोबल और कार्यकुशलता को बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक के दौरान बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए।






