भागलपुर के नवगछिया में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नवगछिया पुलिस ने 546 ग्राम स्मैक के साथ दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य करीब 70 लाख रुपये बताया जा रहा है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, एनएच-31 स्थित संतोष धर्मकांटा के समीप स्मैक की खेप पहुंचाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर इलाके में निगरानी शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध बुलेट मोटरसाइकिल को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पकड़ा गांव निवासी हरेराम कुमार उर्फ बमबम के पास से 220 ग्राम और तेतरी निवासी विशाल कुमार के पास से 326 ग्राम स्मैक बरामद किया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे पकड़ा गांव निवासी विकास कुमार और छोटू कुमार के कहने पर पश्चिम बंगाल के मालदा से स्मैक लेकर आ रहे थे। मामले में नवगछिया थाना कांड संख्या 356/26 दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, पिछले तीन महीनों में चलाए गए विशेष अभियान के तहत अब तक करीब 2.1 किलोग्राम स्मैक बरामद किया जा चुका है और 20 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देशन में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया गया है। टीम लगातार सूचनाओं का संकलन कर कार्रवाई कर रही है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री, भंडारण या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी टोल-फ्री हेल्पलाइन 1933 अथवा मानस पोर्टल के माध्यम से दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।






