भागलपुर के पीरपैंती थाना क्षेत्र के नौवा टोली गांव में गुरुवार की देर रात दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान एक पक्ष के युवक द्वारा पिस्टल से फायरिंग करने और उसी पक्ष के दूसरे युवक द्वारा तलवार लहराकर प्रदर्शन करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है।
वायरल वीडियो में एक युवक कथित तौर पर पिस्टल से फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। वहीं, उसी पक्ष का दूसरा युवक हाथ में तलवार लेकर उसे लहराते हुए लोगों को ललकारता नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने की सूचना मिलते ही पीरपैंती थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पीरपैंती थाना के एसआई सुनील कुमार और ब्रजकिशोर चौधरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल नौवा टोली गांव पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करते हुए मौके से एक खोखा बरामद किया। इसके अलावा प्रदर्शन में इस्तेमाल की गई तलवार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस ने वीडियो में फायरिंग करते दिखाई दे रहे युवक की पहचान कर ली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के बीच आरोपी युवक अभी तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है।
इधर, दोनों पक्षों के बीच विवाद आखिर किस बात को लेकर हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी समाचार संप्रेषण तक सामने नहीं आ सकी थी। वहीं, देर रात तक इस मामले में थाने में किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन नहीं दिया गया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। साथ ही, घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





