बेटी की छठी के दिन पत्नी की गोली मारकर हत्या, पति फरार; परिवार में मचा कोहराम

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले में मंगलवार रात एक परिवार की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। बेटी के जन्म के छह दिन बाद घर में छठी समारोह चल रहा था। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना हलई थाना क्षेत्र के चकलालशाही गांव की है। मृतका की पहचान 30 वर्षीय मंजुला कुमारी के रूप में हुई है।

छठी समारोह के दौरान हुआ विवाद: बताया जा रहा है कि मंजुला ने हाल ही में एक बेटी को जन्म दिया था। परिवार में दो बेटों के बाद बेटी के जन्म को लेकर खुशी का माहौल था और छठी का भोज आयोजित किया गया था। इसी दौरान मंजुला और उसके पति सूरज साहनी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। परिजनों का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद सूरज ने कथित तौर पर मंजुला को गोली मार दी।

Sponsored Advertisement

परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप: मृतका की बहन प्रियंका ने आरोप लगाया कि सूरज के पास दो गोलियां थीं और विवाद के दौरान बंदूक छीनने की कोशिश हुई। इसी दौरान मंजुला को गोली लग गई। परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद मंजुला को इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि सूरज शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था। मंजुला ने छठी के भोज में मेहमान आने की बात कहते हुए पैसे देने से मना किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

वारदात के बाद पति फरार: घटना के बाद आरोपी पति सूरज साहनी फरार बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर हलई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बुधवार सुबह एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस हथियार की बरामदगी और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर: मृतका के भाई की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने सूरज साहनी के खिलाफ हत्या की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।

Related Posts

कैमूर पहाड़ी पर मूसलाधार बारिश से गुप्ता धाम में बाढ़, पानी में डूबा मंदिर परिसर और पुल

कैमूर पहाड़ी पर मूसलाधार बारिश से गुप्ता धाम में बाढ़, पानी में डूबा मंदिर परिसर और पुल

जीतन राम मांझी की तबीयत बिगड़ी, पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती; पार्टी ने कहा- चिंता की कोई बात नहीं

जीतन राम मांझी की तबीयत बिगड़ी, पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती; पार्टी ने कहा- चिंता की कोई बात नहीं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *