पश्चिमी चंपारण, बगहा: बिहार के बगहा के रामनगर थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक घर में जबरन घुसने और कथित अवैध कब्जे के विवाद की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों की भीड़ ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में सब इंस्पेक्टर इम्तियाज खान समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि कठसीकरी गांव निवासी पप्पू अंसारी ने अपने घर में कुछ लोगों के जबरन घुसने और कथित तौर पर कब्जा करने को लेकर पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। इसी शिकायत की जांच करने और मौके पर दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद की जानकारी लेने के लिए पुलिस टीम गांव पहुंची थी।
पुलिस टीम मामले की छानबीन कर ही रही थी कि इसी दौरान वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और भीड़ ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि ग्रामीणों ने पुलिस टीम के साथ मारपीट की, जिसमें SI इम्तियाज खान सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस वाहनों में भी तोड़फोड़
हमले के दौरान उग्र भीड़ ने मौके पर खड़े पुलिस के सरकारी वाहनों में भी तोड़फोड़ की। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मुख्यालय को सूचना दी गई। इसके बाद बगहा एसपी के नेतृत्व में तीन थानों की पुलिस भारी संख्या में मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
मामले में रामनगर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, सुरक्षा को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिस और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक और हंगामे की स्थिति दिखाई दे रही है। पुलिस अब वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमले में शामिल लोगों की पहचान कर रही है।
पुलिस का कहना है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिस टीम पर हमला करने वाले सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पहचान होने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले के हर पहलू की जांच में जुटी है।





