गोपालगंज: जिले के जगतौली ओपी थाना क्षेत्र के विश्रामपुर गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज में बुलेट बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर 24 वर्षीय विवाहिता की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।
मृतका की पहचान विश्रामपुर गांव निवासी उमेश यादव की पत्नी प्रतिमा कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, राजेंद्र यादव के पुत्र उमेश यादव की शादी बीते 5 मई 2026 को उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भटवलिया गोसाई टोला निवासी रमाशंकर यादव की पुत्री प्रतिमा कुमारी के साथ हुई थी।
परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही प्रतिमा को दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर कथित तौर पर प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका के भाई उपेंद्र यादव ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोग बुलेट बाइक और अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर पति उमेश यादव, सास और ननद पर मिलकर प्रतिमा की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है।
मृतका के गले पर काले निशान पाए जाने की बात भी सामने आई है, जिससे दम घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
बताया जा रहा है कि उमेश यादव की यह दूसरी शादी थी। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले उसकी पहली पत्नी की भी संदिग्ध परिस्थितियों में आग से जलकर मौत हो गई थी। इस तथ्य को लेकर भी पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विधि विज्ञान प्रयोगशाला यानी एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव मिलने वाले स्थान से आवश्यक नमूने एकत्र किए। गले पर मौजूद निशानों का भी वैज्ञानिक तरीके से परीक्षण किया जा रहा है।
जगतौली ओपी थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि मामले में आरोपी पति और उसकी मां को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतका के परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। सास और ननद सहित अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही प्रतिमा कुमारी की मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।






