गोपालगंज: जिले में बेखौफ चोरों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। जगतौली ओपी क्षेत्र के तिवारी छपरा गांव में चोरों ने एक घर में घुसकर महिला को चाकू की नोक पर बंधक बनाने के बाद 70 हजार रुपये नकद, लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने और महंगे बर्तन लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, तिवारी छपरा गांव निवासी मुनेश्वर उपाध्याय के पुत्र विद्यापति उपाध्याय के घर में इन दिनों नए बाथरूम का निर्माण कार्य चल रहा है। घटना की रात इलाके में हल्की बारिश हो रही थी। बताया जा रहा है कि बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर चोर बाथरूम के पास मौजूद एक पेड़ के सहारे घर की छत तक पहुंचे और वहां से आंगन में प्रवेश कर गए।
उस समय परिवार के अधिकांश सदस्य गहरी नींद में थे। घर के अंदर घुसने के बाद चोरों ने बर्तन और बक्से खंगालने शुरू कर दिए। इसी दौरान हुई खटखटाहट की आवाज सुनकर घर की महिला आरती देवी की नींद खुल गई। वह आवाज की ओर बढ़ीं तो कथित तौर पर चोरों ने उनके गले पर चाकू रख दिया और जान से मारने की धमकी दी।
महिला के अनुसार, चाकू और धमकी से वह डर गईं और एक कोने में चली गईं। इसके बाद चोरों ने घर में रखे करीब 70 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के गहने और तीन सेट महंगे बर्तन समेट लिए और मौके से फरार हो गए।
सुबह घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जगतौली ओपी थानाध्यक्ष आलोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित परिवार से घटना की विस्तृत जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और अपराधियों की पहचान के लिए सभी पहलुओं पर काम किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
इस घटना के बाद तिवारी छपरा गांव और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के बीच भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।






