समस्तीपुर में डबल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई है। विभूतिपुर थाना क्षेत्र के भरपुरा पटपारा गांव में घर में अकेले रह रहे 70 वर्षीय बंगाली दास और उनकी 65 वर्षीय पत्नी धनमा देवी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि सोमवार रात अज्ञात बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती के घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। मंगलवार सुबह करीब सात बजे रोज की तरह एक दूधवाला उनके घर पहुंचा। उसने बाहर से कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर दूधवाले ने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।
इसके बाद पड़ोसी मौके पर पहुंचे। अनहोनी की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने घर का दरवाजा तोड़ा। अंदर पहुंचने पर कमरे में बुजुर्ग दंपती के शव पड़े मिले। बंगाली दास का शव चौकी पर था, जबकि उनकी पत्नी धनमा देवी का शव फर्श पर पड़ा था। दोनों के शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले।
घटना की सूचना मिलते ही विभूतिपुर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, दंपती घर में अकेले रहते थे। उनके तीन बेटे राम विनोद, राम आशीष और राम सिंह दूसरे राज्यों में मजदूरी करते हैं, जबकि दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है।
फिलहाल पुलिस आपसी रंजिश, लूटपाट समेत सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी घर में किस तरह दाखिल हुए और वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुए। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।






