उकरीद मोड़ के समीप भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में अर्जुन मुंडा ने जेपीएससी परीक्षा में कथित धांधली के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और मुकदमे दर्ज किए जाने को लेकर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा।

अर्जुन मुंडा ने कहा कि झारखंड के छात्रों के साथ गलत हो रहा है। छात्र अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर मुखर होकर सरकार के सामने अपनी बात रख रहे हैं। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि वह छात्रों की बात सुने, उनकी समस्याओं को समझे और समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए।

Sponsored Advertisement

उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने के लिए पुलिस बल का प्रयोग करना या उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। इससे छात्रों की भावनाओं को ठेस पहुंच रही है और उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आखिर इस पूरे मामले का स्थायी समाधान क्या है और छात्रों की मांगों के समाधान के लिए सरकार के पास क्या विकल्प हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि छात्रों ने वर्षों तक मेहनत और परिश्रम कर परीक्षा की तैयारी की है। ऐसे में परीक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की अनियमितता या कथित धांधली उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसे संवेदनशील मामलों में सख्ती के बजाय संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए।

अर्जुन मुंडा ने कहा कि सरकार को आंदोलन कर रहे छात्रों से बातचीत करनी चाहिए और उनकी समस्याओं का न्यायपूर्ण समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और निष्पक्षता बेहद जरूरी है। सरकार को भरोसा कायम करने के लिए जल्द ठोस पहल करनी चाहिए।