सासाराम रोहतास जिले के तिलौथू थाना क्षेत्र में शनिवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में छुट्टी पर घर आए सीआरपीएफ जवान की मौत हो गई। निमियाडीह गांव के समीप टेढ़का मोड़ पर टेंपो और बोलेरो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में सीआरपीएफ जवान की पत्नी, उनके दो बच्चे समेत छह अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक की पहचान काराकाट थाना क्षेत्र के डिहरा गांव निवासी भिखारी ठाकुर के करीब 40 वर्षीय पुत्र कंचन ठाकुर के रूप में हुई है। कंचन ठाकुर सीआरपीएफ में जवान थे और छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे।
तुतला भवानी धाम से लौटने के दौरान हादसा
जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह कंचन ठाकुर अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ तिलौथू स्थित मां तुतला भवानी धाम में दर्शन-पूजन के लिए गए थे। पूजा-अर्चना के बाद दोपहर में परिवार के साथ टेंपो से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान निमियाडीह गांव के पास उनकी टेंपो सामने से आ रही बोलेरो की चपेट में आ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो काफी तेज गति में थी और अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा से आ रही टेंपो से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो हवा में उछलकर सड़क किनारे लगे एक पेड़ से जा टकराया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने शुरू किया राहत-बचाव
दुर्घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से टेंपो में सवार सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया।
घायलों में कंचन ठाकुर की पत्नी के अलावा उनका छह वर्षीय पुत्र और चार वर्षीय पुत्री भी शामिल हैं। अन्य घायलों का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद सीआरपीएफ जवान कंचन ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।






