भागलपुर के इंग्लिश चिचरौन गांव के पास फोरलेन सड़क पर शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक सरकारी शिक्षक की मौत हो गई। मृतक की पहचान नाथनगर के भुवालपुर निवासी आदित्य कुमार के रूप में हुई है। आदित्य कुमार सुल्तानगंज के प्राथमिक विद्यालय कटहरा में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार, आदित्य कुमार शनिवार को अपने घर से स्कूटी पर सवार होकर स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान इंग्लिश चिचरौन गांव के पास सड़क पर बिखरी बालू के कारण उनकी स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे के बाद आदित्य स्कूटी समेत करीब 15 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए। दुर्घटना में उनका बायां पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल शिक्षक को इलाज के लिए सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान कुछ देर बाद आदित्य कुमार की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप
मृतक के परिजनों ने मायागंज अस्पताल में इलाज में कथित लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि जब आदित्य को मायागंज अस्पताल लाया गया था, उस समय वह पूरी तरह होश में थे। आरोप है कि समय पर वरिष्ठ चिकित्सक द्वारा इलाज शुरू नहीं किया गया, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ती चली गई और उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने मामले की जांच की मांग की है। वहीं, हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सड़क पर बिखरी बालू के कारण हादसा हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसकी भी जांच की जा रही है।





