रेलवे कर्मचारी के बंद आवास में लाखों की चोरी, 20 लाख के सोने-चांदी के गहने और 50 हजार नकद ले उड़े चोर

धनबाद धनसार थाना क्षेत्र के यमुना विहार कॉलोनी, बरमसिया फुटबॉल मैदान के समीप रेलवे कर्मचारी सुधीर कुमार प्रसाद के बंद आवास में चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने घर का ताला तोड़कर करीब 50 हजार रुपये नकद और लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

 

Sponsored Advertisement

बताया जा रहा है कि सुधीर कुमार प्रसाद का पूरा परिवार सप्तमी पूजा के अवसर पर बिहार के गोपालगंज गया हुआ था। घर बंद था और परिवार के लोग बाहर थे। इसी दौरान चोरों ने मौका देखकर आवास को निशाना बनाया। खास बात यह है कि हाल ही में सुधीर प्रसाद के छोटे बेटे का विवाह हुआ था। शादी के दौरान घर में रखे गए आभूषणों को ही चोरों ने निशाना बनाया।

 

घर की देखरेख करने वाली महिला जब सुबह आवास पर पहुंची तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर का दरवाजा खुला देखकर वह घबरा गई और तत्काल इसकी सूचना गृहस्वामी को दी। इसके बाद सुधीर प्रसाद के रिश्तेदार दोपहर में आवास पर पहुंचे। अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।

 

घर के कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियों और अन्य जगहों को खंगाला गया था। जांच करने पर करीब 50 हजार रुपये नकद और लगभग 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले। इसके बाद घटना की सूचना धनसार थाना पुलिस को दी गई।

 

परिजनों का आरोप है कि पुलिस को सूचना देने के कई घंटे बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इससे लोगों में नाराजगी देखी गई। वहीं, गृहस्वामी सुधीर कुमार प्रसाद के देर रात तक धनबाद पहुंचने की बात कही गई है।

 

फिलहाल चोरी की इस बड़ी वारदात के बाद पुलिस की कार्रवाई और जांच पर सभी की नजर है। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और चोरों की पहचान करने की कोशिश की जा सकती है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

 

संवाददाता — राजेश कुमार

Related Posts

कारू बाबा मंदिर गोलीकांड में बड़ा खुलासा, महंत निरंजन कुमार ही निकला मुख्य आरोपी; कई अवैध हथियार-कारतूस बरामद

सहरसा। महिषी थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध कारू बाबा मंदिर परिसर में हुई गोलीबारी की घटना को लेकर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार सिंह…

विक्रमशिला कॉलोनी में दिनदहाड़े ग्रिल चोरी का वीडियो वायरल, नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी का आरोप

भागलपुर: तातारपुर थाना क्षेत्र के विक्रमशिला कॉलोनी से चोरी की एक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक कथित तौर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *