नालंदा: बिहार के नालंदा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। नूरसराय थाना क्षेत्र के परिऔना गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार एक परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिता और उनकी चार वर्षीय मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को बिहारशरीफ के मॉडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान नूरसराय थाना क्षेत्र के मेयार गांव निवासी 36 वर्षीय कमलेश कुमार और उनकी चार वर्षीय बेटी रिवांशी कुमारी के रूप में हुई है। वहीं, घायल बेटे की पहचान आठ वर्षीय ऋषभ कुमार के तौर पर हुई है।
बताया जा रहा है कि कमलेश कुमार अपने दोनों बच्चों के साथ बाइक से पटना जिले के दनियावां थाना क्षेत्र स्थित तरौरा गांव जा रहे थे। उनकी पत्नी रिंकू कुमारी बिहार पुलिस में कांस्टेबल हैं और वहीं ड्यूटी के दौरान रह रही थीं। कमलेश अपने बच्चों को पत्नी से मिलाने के लिए बाइक से लेकर निकले थे।
कमलेश के बड़े भाई बबलू राम के अनुसार, परिऔना गांव के समीप प्लांट के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कमलेश और उनकी मासूम बेटी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल बच्चे को इलाज के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल पहुंचाया। बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।
पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस फरार अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है। परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






