बोकारो जिले की पेटरवार थाना पुलिस ने महिला से 50 हजार रुपये की छिनतई की घटना का महज 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल और लूटी गई राशि में से 23 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। मामले की जानकारी शुक्रवार को पेटरवार थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में बेरमो एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह ने दी।
एसडीपीओ ने बताया कि बुंडू पंचायत के कोनारबेड़ा गांव निवासी मंजू देवी बैंक ऑफ इंडिया की पेटरवार शाखा से 50 हजार रुपये की निकासी कर बाइक से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान बुंडू-जाराटांड़ मोड़ के समीप बुलेट सवार दो युवकों ने रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रुकवाया। जैसे ही महिला रुकीं, आरोपियों ने उनके हाथ में रखा नकदी से भरा थैला छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर पेटरवार थाना में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर बेरमो एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चंदनकियारी थाना क्षेत्र के सहारजोरी गांव से दिलीप तिवारी (38 वर्ष) और ब्रजेश कुमार शर्मा (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल तथा लूटी गई रकम में से 23 हजार रुपये बरामद किए। पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दिलीप तिवारी के खिलाफ पहले से भी विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध पेटरवार थाना कांड संख्या 114/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में उपकारा तेनुघाट भेज दिया गया है।
प्रेसवार्ता में जरीडीह सर्किल इंस्पेक्टर शैलेन्द्र कुमार सिंह, पेटरवार थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा, तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो, एसआई महावीर एक्का, एसआई राजेश यादव, रंजन कुमार, अजय महतो सहित छापेमारी दल के अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
संवाददाता: चंदन सिंह, बोकारो






