नवगछिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 409 ग्राम ब्राउन शुगर और 1 लाख रुपये के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

भागलपुर जिले के नवगछिया में मोहर्रम पर्व को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। नवगछिया पुलिस ने एनएच-31 स्थित जीरोमाइल के समीप कार्रवाई करते हुए 409 ग्राम ब्राउन शुगर और एक लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम को 20 जून को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ब्राउन शुगर की बड़ी खेप लेकर जीरोमाइल क्षेत्र में किसी स्मैक कारोबारी को आपूर्ति करने आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने एनएच-31 पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया और संदिग्ध वाहनों पर नजर रखी।

जांच के दौरान सर्विस रोड की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बाइक सवार सिंटु कुमार सिंह, निवासी दोनिया टोला पकरा, नवगछिया के पास से 409 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में सिंटु कुमार सिंह ने कई अहम खुलासे किए। उसने बताया कि वह अपने गांव के ही निवासी कुणाल कुमार के साथ मिलकर ब्राउन शुगर और स्मैक के अवैध कारोबार में शामिल है। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुणाल कुमार के ठिकाने पर छापेमारी की और उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने कुणाल कुमार के पास से मादक पदार्थों की बिक्री से संबंधित एक लाख रुपये नकद बरामद किए। इस मामले में नवगछिया थाना कांड संख्या 245/26 दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Posts

घर पर पढ़ाई से IIT तक और फिर SDM बनने का सफर, गया के प्रवीण कुमार ने रची सफलता की प्रेरक कहानी

घर पर पढ़ाई से IIT तक और फिर SDM बनने का सफर, गया के प्रवीण कुमार ने रची सफलता की प्रेरक कहानी

उर्दू मध्य विद्यालय लोदीपुर की जमीन को लेकर बवाल, ग्रामीणों और विद्यालय प्रबंधन ने उठाए सवाल; छात्रों के भविष्य पर मंडराया संकट

उर्दू मध्य विद्यालय लोदीपुर की जमीन को लेकर बवाल, ग्रामीणों और विद्यालय प्रबंधन ने उठाए सवाल; छात्रों के भविष्य पर मंडराया संकट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *