सिवान में सिपाही भर्ती परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा, दो मुन्नाभाई गिरफ्तार; कई जिलों में परीक्षा देने का खुलासा

बिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान सिवान जिले से बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा 17 जून को आयोजित लिखित परीक्षा के दौरान पुलिस और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों की सतर्कता से दो फर्जी अभ्यर्थियों को अलग-अलग परीक्षा केंद्रों से गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास से फर्जी दस्तावेज और एक ही परीक्षा के दो अलग-अलग प्रवेश पत्र बरामद हुए हैं, जिनमें जन्मतिथि अलग-अलग दर्ज थी।

पुलिस के अनुसार, प्रथम और द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान सरस्वती शिशु मंदिर परीक्षा केंद्र तथा दाउद मेमोरियल उर्दू गर्ल्स हाई स्कूल परीक्षा केंद्र पर संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दोनों अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपनी वास्तविक पहचान बताई और फर्जी दस्तावेजों के सहारे परीक्षा में शामिल होने की बात स्वीकार की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटना जिले के पीरपुरा थाना क्षेत्र निवासी त्रिलोकी कुमार के पुत्र सियाराम कुमार तथा जहानाबाद जिले के मखदूमपुर थाना क्षेत्र निवासी राजेश्वर यादव के पुत्र गौतम कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में दोनों ने यह भी स्वीकार किया कि वे 14 जून 2026 को मोतिहारी और गोपालगंज में आयोजित इसी भर्ती परीक्षा में भी शामिल हो चुके हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि यह किसी संगठित परीक्षा फर्जीवाड़ा गिरोह का हिस्सा हो सकता है।

पुलिस ने दोनों के कब्जे से बरामद सभी दस्तावेज जब्त कर लिए हैं और उनके खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की गहन जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान हो सके।

सिवान के पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि किसी भी परीक्षा में अनियमितता, फर्जीवाड़ा या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल निकटतम थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 9031683607 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

संवाददाता: राज चौधरी

Sponsored Advertisement

Related Posts

सरकारी अस्पतालों में दवा का संकट या बड़ा खेल? सहरसा के अस्पतालों में मरीजों को बाहर से दवा खरीदने की मजबूरी, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

बिहार सरकार लगातार सरकारी अस्पतालों में मरीजों को मुफ्त दवा उपलब्ध कराने और डॉक्टरों को बाहर की दवा नहीं लिखने के निर्देश दे रही है। इसके बावजूद सहरसा जिले के…

सहरसा पुलिस का बड़ा खुलासा: ट्रांसफॉर्मर से बिजली तार चोरी करने वाला अंतरजिला गिरोह धरा, 5 आरोपी गिरफ्तार; 16 वारदातों का खुलासा

सहरसा पुलिस ने ट्रांसफॉर्मरों से बिजली के तार चोरी करने वाले एक सक्रिय अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *