सहरसा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से सहरसा के पटुआहा स्थित भाजपा जिला कार्यालय में “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” का आयोजन किया गया। सम्मेलन में केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी को सबसे महत्वपूर्ण बताया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री शिव भूषण सिंह ने किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए।
मुख्य अतिथि बिहार सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कटिहार विधायक तारकिशोर प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष देश के विकास, सुशासन और परिवर्तन के प्रतीक रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब समाज का हर वर्ग इसमें सक्रिय भागीदारी निभाए। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में देश और बिहार में विकास के कई सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं और सरकार आने वाले समय में भी विकास की गति को और तेज करने के लिए प्रतिबद्ध है।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना के विस्तार, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत अभियान तथा राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में सरकार द्वारा किए गए कार्यों को प्रमुख उपलब्धियां बताया। वक्ताओं ने कहा कि भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इस लक्ष्य को हासिल करने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम में बिहार सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. आलोक रंजन, पूर्व प्रदेश महामंत्री श्रीमती लाजवंती झा, सहरसा की मेयर श्रीमती बैन प्रिया, पूर्व जिलाध्यक्ष मदन प्रसाद चौधरी (माधव जी) और राजीव रंजन सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
सम्मेलन के अंत में उपस्थित लोगों ने विकसित भारत के निर्माण में अपनी सहभागिता का संकल्प लिया और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण की दिशा में योगदान देने की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम उत्साह, संगठनात्मक एकजुटता और राष्ट्रहित के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।
संवाददाता: नीतीश कुमार






