सहरसा जिले के नगर पंचायत सौरबाजार में कार्यरत सफाईकर्मियों के साथ हो रहे कथित शोषण, समय पर वेतन भुगतान नहीं होने तथा बुनियादी सुविधाओं की कमी के विरोध में आंदोलन तेज हो गया है। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संगठन ने अनुमंडल पदाधिकारी, सदर सहरसा को ज्ञापन सौंपकर 16 जून 2026 को नगर पंचायत कार्यालय के घेराव और प्रदर्शन की सूचना दी है।
संगठन के अनुसार नगर पंचायत में कुल 107 सफाईकर्मी एवं चालक कार्यरत हैं, लेकिन उनके स्थान पर केवल 45 से 50 सफाईकर्मियों से ही काम लिया जा रहा है। आरोप है कि कर्मचारियों को समय पर और उचित वेतन नहीं मिल रहा है, जिससे उनके समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। इसके अलावा सफाई कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपकरण जैसे मास्क, ग्लव्स, जूते, ड्रेस आदि भी उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि सफाईकर्मियों को मिलने वाली अंतरराशि का भुगतान नहीं किया गया है। साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित नहीं किए जा रहे हैं, न ही कर्मियों का स्वास्थ्य कार्ड बनाया गया है। कर्मचारियों को नगर पंचायत की ओर से पहचान पत्र तक उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिससे उन्हें विभिन्न प्रशासनिक और सामाजिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
इन सभी मांगों को लेकर सफाईकर्मी पिछले चार दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुशराम कुमार बबर ने बताया कि सफाईकर्मियों के अधिकारों और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियों को सुनिश्चित करने के लिए 16 जून को सुबह 11 बजे नगर पंचायत सौरबाजार कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इसकी सूचना प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को भी दे दी गई है।
संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि सफाईकर्मियों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए ताकि नगर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था भी प्रभावित न हो और कर्मचारियों को उनका वैधानिक अधिकार मिल सके।
संवाददाता : इंद्रदेव जी, सहरसा





