नालंदा में चोरी का अनोखा कांड: रातों-रात गायब हुईं 2500 मुर्गियां, पोल्ट्री फार्म खाली कर ले गए चोर



नालंदा जिले के सिलाव थाना क्षेत्र से चोरी की एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। अब तक लोगों ने घरों, दुकानों, कारों और कीमती सामानों की चोरी की खबरें सुनी होंगी, लेकिन इस बार चोरों ने पूरे पोल्ट्री फार्म को ही निशाना बना लिया। सुरुमपुर गांव स्थित एक बड़े पोल्ट्री फार्म से रातों-रात करीब 2500 मुर्गियां चोरी कर ली गईं। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

पीड़ित पोल्ट्री फार्म संचालक मंटू सिंह ने बताया कि घटना वाले दिन वह अपने पूरे परिवार के साथ राजगीर मेला घूमने गए थे, जबकि उनका बेटा मद्य निषेध विभाग की परीक्षा देने के लिए दूसरे शहर गया हुआ था। घर और पोल्ट्री फार्म दोनों पूरी तरह सूने थे। इसी मौके का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

मंटू सिंह के अनुसार, रात करीब नौ बजे उन्होंने फार्म को अच्छी तरह बंद किया था। जब अगले दिन वापस लौटे तो देखा कि कुछ मुर्गियां बाहर घूम रही थीं, जबकि फार्म के अंदर रखी लगभग 2500 मुर्गियां गायब थीं। उन्होंने बताया कि पहले वे रात में भी फार्म की निगरानी करने पहुंच जाते थे, लेकिन बेटे के बाहर होने के कारण इस बार ऐसा नहीं कर सके।

इस चोरी से उन्हें करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित का कहना है कि चोर पहले से ही उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और परिवार के बाहर जाने की जानकारी मिलते ही उन्होंने फार्म को निशाना बनाया।

घटना की सूचना मिलते ही सिलाव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और तकनीकी व मानवीय आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

फिलहाल पूरे इलाके में इस अनोखी चोरी की चर्चा जोरों पर है और लोग यह सोचकर हैरान हैं कि आखिर चोर इतनी बड़ी संख्या में मुर्गियों को रातों-रात कैसे ले गए।

  • Related Posts

    भागलपुर में VLCC का नया आउटलेट शुरू, मेयर वसुंधरा लाल ने किया उद्घाटन

    भागलपुर। शहर में सौंदर्य, त्वचा और बालों की देखभाल से जुड़ी आधुनिक सुविधाओं का एक और विकल्प जुड़ गया है। सैंडिस कंपाउंड के पास पुलिस लेन रोड में VLCC का…

    पूर्णिमा पर अगस्त्यार्घ्य दान के बाद 27 सितंबर से पितृपक्षीय श्राद्ध शुरू, 10 अक्टूबर को होगा समापन

    सहरसा। भाद्रपद पूर्णिमा के अवसर पर 26 सितंबर को अगस्त्यार्घ्य दान के बाद 27 सितंबर, रविवार से पितृपक्षीय पार्वण श्राद्ध का शुभारंभ होगा। वहीं, 10 अक्टूबर को आश्विन अमावस्या के…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *