धनबाद जिले में ओबी डंपिंग पर बवाल: ग्रामीणों ने लगाए मारपीट और फायरिंग के आरोप, घटनास्थल से मिला खोखा



धनबाद के घनुडीह चीनकोठी बस्ती से सटे इलाके में सिंह नेचुरल आउटसोर्सिंग परियोजना के विस्तार को लेकर विवाद गहरा गया है। बस्ती के समीप ओबी (ओवरबर्डन) डंपिंग किए जाने के विरोध में बुधवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध के दौरान कंपनी समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की और दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर धनबाद के मेयर संजीव सिंह और घनुडीह ओपी प्रभारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली। जांच के दौरान घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। खोखा मिलने के बाद फायरिंग के आरोपों को लेकर मामला और गंभीर हो गया है।

मेयर संजीव सिंह ने कहा कि ग्रामीणों की आपत्तियों के बावजूद ओबी डंपिंग का कार्य किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध कर रहे लोगों के साथ मारपीट की गई। मेयर ने कहा कि समय पर पुलिस नहीं पहुंचती तो बड़ी घटना हो सकती थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक इस मुद्दे पर संबंधित पक्षों और प्रशासन के साथ बैठक नहीं हो जाती, तब तक विवादित स्थल पर ओबी डंपिंग और किसी भी नए कार्य की अनुमति नहीं दी जाएगी।

वहीं ग्रामीण सुनील कुमार मंडल ने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा अवैध तरीके से ओबी डंप किया जा रहा था। विरोध करने पर करीब 30 लोग वहां पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मारपीट करने लगे। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान फायरिंग भी की गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। मारपीट में उनका हाथ भी टूट गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से बरामद खोखे और ग्रामीणों के आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और स्थानीय लोग प्रशासन की अगली कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

संवाददाता : नीतीश कुमार

  • Related Posts

    गंडक नदी उफान पर, 6 लाख क्यूसेक तक पहुंच सकता है डिस्चार्ज; बगहा में बाढ़ का खतरा बढ़ा

    गंडक नदी उफान पर, 6 लाख क्यूसेक तक पहुंच सकता है डिस्चार्ज; बगहा में बाढ़ का खतरा बढ़ा

    नशा मुक्त कोसी अभियान में बड़ी सफलता, एक सप्ताह में 92 आरोपित गिरफ्तार

    सहरसा। कोसी क्षेत्र के सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में चलाए जा रहे नशा मुक्त कोसी अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 19 से 25 सितंबर के…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *