सहरसा में जनसेवा एक्सप्रेस में सीट विवाद बना जानलेवा, बीच-बचाव करने वाले ऑटो चालक की मौत


सहरसा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-03 पर जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन में सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद एक व्यक्ति की जान ले बैठा। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में बीच-बचाव करने पहुंचे एक ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी सोमवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद जीआरपी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच जारी है।

मृतक की पहचान सहरसा नगर निगम क्षेत्र के भेड़धरी वार्ड संख्या-24 निवासी मो. अनीस (38 वर्ष) के रूप में हुई है। वह ऑटो चालक थे और सहरसा-मधेपुरा रूट पर ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी समेत तीन बच्चे हैं।

जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 4:05 बजे अमृतसर-पूर्णिया कोर्ट जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 14617 में सीट को लेकर विवाद शुरू हुआ। भेड़धरी वार्ड-24 निवासी मो. निजाम अपनी सास मोमिना बीबी को ट्रेन में बैठाने पहुंचे थे। इसी दौरान सीट पर बैठाने को लेकर महिषी थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-13 निवासी मुसद सादा और उनके पुत्र रमेश सादा से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।

परिजनों का आरोप है कि दूसरे पक्ष के 8 से 9 लोगों ने मिलकर हमला कर दिया। इसी दौरान मो. अनीस बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी निशाना बना लिया। आरोप है कि बोगी के अंदर उनकी बेरहमी से पिटाई की गई और सिर को बार-बार ट्रेन की बोगी में पटका गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और दो लोगों को हिरासत में लिया। घायल अनीस को पहले सदर अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार सुबह उनकी मौत हो गई।

चिकित्सक डॉ. रंजेश कुमार ने बताया कि सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी ब्रेन डेथ हो चुकी थी। जीआरपी थाना अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Related Posts

बेतिया के मीना बाजार में बुलडोजर कार्रवाई से बवाल, 85 दुकानों पर चला प्रशासन का अभियान, व्यापारियों ने किया जोरदार विरोध

बेतिया के मीना बाजार में बुलडोजर कार्रवाई से बवाल, 85 दुकानों पर चला प्रशासन का अभियान, व्यापारियों ने किया जोरदार विरोध

31 साल बाद घर लौटा बेटा: गया में ‘मृत’ मान चुके परिवार के लिए चमत्कार बना साधु शर्मा का लौटना

31 साल बाद घर लौटा बेटा: गया में ‘मृत’ मान चुके परिवार के लिए चमत्कार बना साधु शर्मा का लौटना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *