पति-पत्नी के विवाद ने लिया हिंसक मोड़, पत्नी पर पति को धारदार हथियार से घायल करने का आरोप


मुंगेर में पति-पत्नी के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि गुस्साई पत्नी ने अपने पति पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने कई टांके लगाए। पीड़ित पति का यह भी आरोप है कि घटना के बाद उसकी पत्नी घर में रखे लाखों रुपये के जेवरात और चार माह की बेटी को लेकर फरार हो गई। मामले को लेकर पुलिस जांच में जुट गई है।


मामला मुंगेर के पूरबसराय थाना क्षेत्र के शाहजुवे रोड का है। पीड़ित मो. फैसल खान ने बताया कि उनकी शादी 13 अप्रैल 2025 को भागलपुर के कबीरपुर निवासी इशरत हसन उर्फ सानिया से हुई थी। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा।

Sponsored Advertisement

फैसल का आरोप है कि उनकी पत्नी अक्सर किसी युवक से फोन पर बातचीत करती थी, जिसे लेकर घर में तनाव बना रहता था। इसके अलावा पत्नी अलग रहने की मांग करती थी और उनकी मां से भी अक्सर विवाद होता था। घटना से एक दिन पहले भी पत्नी और उनकी मां के बीच कहासुनी हुई थी।

पीड़ित के अनुसार, देर रात वह काम से लौटकर घर के बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान पत्नी वहां पहुंची और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पत्नी ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमले में फैसल गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया।

फैसल का आरोप है कि घटना के बाद उनकी पत्नी घर में रखे लाखों रुपये के जेवरात और चार माह की बेटी को लेकर मायके चली गई। उन्होंने बताया कि रिश्ते को बचाने के लिए कई प्रयास किए गए, लेकिन हालात लगातार बिगड़ते गए। अब उन्हें अपनी मासूम बेटी की सुरक्षा और भविष्य की चिंता सता रही है।

फिलहाल पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही घटना की वास्तविकता सामने आ सकेगी।

  • Related Posts

    सहरसा में नाबालिग से गंभीर अपराध के मामले में 6 घंटे में कार्रवाई, तीन विधि-विरुद्ध बालक गिरफ्तार

    सहरसा। सदर थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से जुड़े गंभीर अपराध के मामले में सहरसा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन विधि-विरुद्ध बालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के…

    बेटे का शव देखते ही मां ने तोड़ा दम, एक ही आंगन से उठीं मां-बेटे की अर्थियां; नम आंखों से जलीं दो चिताएं

    सहरसा/सिमरी बख्तियारपुर। सलखुआ प्रखंड के चिड़ैया थाना क्षेत्र की चानन पंचायत स्थित सहुरिया, हनुमान टोला में रविवार को एक हृदय विदारक घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया। राशन कार्ड…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *