AIIMS पटना में महिला कर्मी और नाबालिग बेटी से छेड़छाड़, प्रशासनिक अधिकारी गिरफ्तार

पटना, 6 जून 2026: बिहार की राजधानी पटना स्थित एम्स में एक महिला कर्मचारी और उनकी नाबालिग बेटी के साथ कथित छेड़छाड़ के गंभीर मामले में कार्रवाई करते हुए फुलवारी शरीफ थाना पुलिस ने आरोपी कनीय प्रशासनिक अधिकारी (आउटसोर्स) अश्विनी कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। एम्स प्रशासन की आंतरिक जांच समिति द्वारा आरोपों की पुष्टि के बाद यह कार्रवाई की गई।

पीड़िता द्वारा दर्ज शिकायत के अनुसार, करीब दो वर्ष पूर्व एम्स में सर्जरी के दौरान उनकी पहचान अश्विनी कुमार सिंह से हुई थी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी लगातार महिला और उनकी नाबालिग बेटी के साथ अशोभनीय व्यवहार और छेड़छाड़ करता रहा। महिला का कहना है कि विरोध करने पर आरोपी उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी देता था, जिसके कारण वह लंबे समय तक चुप रहने को मजबूर रहीं।

पीड़िता ने 21 फरवरी 2026 को एम्स प्रशासन को लिखित शिकायत देकर न्याय की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एम्स प्रबंधन ने छह सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की। समिति ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए, व्हाट्सएप चैट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की।

जांच रिपोर्ट में महिला और उनकी नाबालिग बेटी द्वारा लगाए गए आरोपों को सही पाया गया। इसके बाद एम्स के वरिष्ठ प्रशासनिक पदाधिकारी राजकुमार जालान की ओर से जांच रिपोर्ट के आधार पर फुलवारी शरीफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।

फुलवारी शरीफ थाना अध्यक्ष गुलाम शाहबाज आलम ने बताया कि एम्स प्रशासन की आंतरिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अश्विनी कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

यह मामला न केवल कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा बल्कि संस्थानों में शिकायतों के समयबद्ध निपटारे और जवाबदेही को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस और प्रशासन दोनों स्तरों पर मामले की जांच जारी है।

Related Posts

“पुलिस की गुंडागर्दी पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- ‘नाजी जर्मनी जैसी नहीं बन सकती पुलिस’; तत्काल FIR और CID जांच के आदेश”

“पुलिस की गुंडागर्दी पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- ‘नाजी जर्मनी जैसी नहीं बन सकती पुलिस’; तत्काल FIR और CID जांच के आदेश”

पटना में STF का बड़ा एक्शन: कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

पटना में STF का बड़ा एक्शन: कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *