मुंगेर में वज्रपात का कहर: मवेशी चरा रहे पशुपालक की आकाशीय बिजली गिरने से मौत, गांव में पसरा मातम


मुंगेर जिले में वज्रपात ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। लड़ैयाटांड़ थाना क्षेत्र के जतकुटिया गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक पशुपालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान 52 वर्षीय गणेश यादव के रूप में हुई है।
घटना लड़ैयाटांड़ थाना क्षेत्र के जतकुटिया गांव की है। जानकारी के अनुसार गणेश यादव, पिता बनारसी यादव, रोज की तरह अपने मवेशियों को चराने के लिए गांव के पास स्थित गोदाम क्षेत्र में गए थे। बताया जाता है कि गोदाम से लगभग सौ मीटर दूर वे भैंस चरा रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने लगी।

बारिश से बचने के लिए गणेश यादव पास ही एक पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए। लेकिन कुछ ही देर बाद तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली पेड़ के समीप आ गिरी। बिजली की चपेट में आने से गणेश यादव गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

बारिश थमने के बाद गांव के एक बच्चे की नजर जमीन पर पड़े गणेश यादव पर पड़ी। बच्चे ने तुरंत गांव पहुंचकर इसकी जानकारी ग्रामीणों और परिजनों को दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और गणेश यादव को गोदाम तक लेकर आए। हालांकि तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया है।

सूचना मिलने पर लड़ैयाटांड़ थाना अध्यक्ष विभांशु शेखर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मुंगेर भेज दिया।

फिलहाल इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है, जबकि प्रशासन लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने की अपील कर रहा है।

Related Posts

“पुलिस की गुंडागर्दी पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- ‘नाजी जर्मनी जैसी नहीं बन सकती पुलिस’; तत्काल FIR और CID जांच के आदेश”

“पुलिस की गुंडागर्दी पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- ‘नाजी जर्मनी जैसी नहीं बन सकती पुलिस’; तत्काल FIR और CID जांच के आदेश”

पटना में STF का बड़ा एक्शन: कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

पटना में STF का बड़ा एक्शन: कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *