बोकारो में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण कार्यशाला के दूसरे दिन रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए बांग्लादेशी घुसपैठ और राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया।
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि झारखंड में रह रहे घुसपैठिए जल्द से जल्द राज्य छोड़ दें, अन्यथा उन्हें उनके देश वापस भेजने का काम किया जाएगा। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि केवल रांची में ही लगभग एक लाख बांग्लादेशी मुसलमान घुसपैठिए मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी हाल में झारखंड की पहचान और सुरक्षा से समझौता नहीं करेगी।
संजय सेठ ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड की स्थिति पूरी तरह बदहाल हो चुकी है। राज्य में कानून का शासन समाप्त हो गया है और अपराध लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार कांग्रेस की बैसाखी पर चल रही है और जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
उन्होंने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं का विरोध करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस को लोकतांत्रिक संस्थाओं पर भरोसा नहीं है। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने एसआईआर को सही ठहराया है। उन्होंने कहा कि भाजपा यह कभी नहीं चाहेगी कि बाहरी घुसपैठिए यहां आकर सरकार बनाने और राजनीति को प्रभावित करने का काम करें।
संजय सेठ ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देकर संगठन को और मजबूत करने का काम कर रही है। आने वाले पंचायत चुनाव में भाजपा बेहतर प्रदर्शन करेगी और इसके बाद लोकसभा व विधानसभा चुनाव में भी जनता भाजपा को समर्थन देकर सरकार बनाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता अब झूठे वायदों से ऊब चुकी है और बदलाव चाहती है।
कार्यशाला में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।संवाददाता – चंदन सिंह, बोकारो