बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के माड़ीपुर इलाके में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां सब्जी बेच रही एक महिला पर ऊपर से खौलता हुआ ‘माड़’ (चावल उबालने के बाद बचा गर्म पानी) फेंक दिया गया. इस घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया.

घायल महिला की उम्र करीब 40 साल बताई जा रही है और वह श्रीरामपुर पूसा रोड की रहने वाली हैं. घटना सुबह लगभग 9:30 बजे माड़ीपुर ओवरब्रिज के पास हुई, जहां वह रोज की तरह अपनी सब्जी की दुकान लगाए बैठी थीं. तभी अचानक ऊपर से खौलता हुआ माड़ उनके ऊपर गिर गया, जिससे वह दर्द से चीख उठीं.

पीड़िता का आरोप है कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि जानबूझकर किया गया कृत्य है. उनका कहना है कि पास के एक मकान से यह गर्म माड़ उन पर फेंका गया. जब उन्होंने इस बारे में आसपास के लोगों से पूछताछ की, तो सभी ने इस घटना से इनकार कर दिया. पीड़िता ने बताया कि उनके पति का करीब 10 साल पहले निधन हो चुका है और वह अकेले ही अपने तीन बेटों का पालन-पोषण सब्जी बेचकर करती हैं. इस घटना के बाद उनके परिवार के सामने आर्थिक संकट और गहरा गया है.

घटना की प्रत्यक्षदर्शी एक अन्य महिला सब्जी विक्रेता ने बताया कि सुबह सभी लोग अपनी-अपनी दुकान में व्यस्त थे, तभी अचानक चीखने की आवाज आई. उन्होंने देखा कि महिला झुलस चुकी थीं, लेकिन यह नहीं देख पाईं कि आखिर उनके ऊपर क्या फेंका गया था.

सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है.

वहीं, काजी मोहम्मदपुर थाना अध्यक्ष नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत होता है. संभव है कि किसी ने गलती से खौलता माड़ फेंक दिया हो. फिलहाल पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *