बिहार में मौसम का मिजाज आज भी बिगड़ा रहेगा. मौसम विभाग ने राज्य के 24 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है. पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक दक्षिण-पूर्व और उत्तर बिहार के कई इलाकों में तेज हवा के साथ झमाझम बारिश होगी. 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका जताई गई है. विभाग ने लोगों को जरूरत पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है.

मौसम विभाग ने सिवान, वैशाली, सारण, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, खगड़िया, कटिहार, मुंगेर, भागलपुर, जमुई, गोपालगंज, बांका, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में तेज बारिश के साथ ओले गिरने की भी संभावना है.

आईएमडी के अनुसार शुक्रवार के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और तापमान में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है. बुधवार को गयाजी में सबसे कम 20 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि कैमूर जिला सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.

इधर पूर्णिया जिले में वज्रपात से दो लोगों की मौत हो गई. पहली घटना इंदिरा नगर डहरिया टोला की है, जहां ठनका गिरने से 16 वर्षीय सिमरन कुमार की जान चली गई. वहीं सरवैली गांव में मोहम्मद एकराम नामक व्यक्ति की भी वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई. जिला प्रशासन ने दोनों मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है.

मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. खेतों में काम कर रहे लोगों को मौसम खराब होते ही सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *