पटना: बिहार पुलिस और बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल में चालक सिपाही के 4,361 पदों पर भर्ती प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) ने विज्ञापन संख्या 02/2025 के तहत मोटर वाहन चालन दक्षता परीक्षा (DET) से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचना जारी कर दी है। लिखित और शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के बाद अब चयन प्रक्रिया निर्णायक मोड़ पर है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, लिखित परीक्षा के आधार पर 15,516 अभ्यर्थियों को PET के लिए चुना गया था। यह परीक्षा 12 मार्च से 24 मार्च 2026 तक पटना के गर्दनीबाग स्थित शहीद राजेंद्र प्रसाद राजकीय उच्च विद्यालय में आयोजित हुई। इसमें 14,624 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि 888 अनुपस्थित रहे। अनुशासनहीनता के कारण चार अभ्यर्थियों को निष्कासित किया गया।
PET के दौरान 2,307 अभ्यर्थी दौड़ में असफल हुए, जबकि 470 अन्य शारीरिक मानकों पर खरे नहीं उतर सके। सभी चरणों के बाद कुल 11,847 अभ्यर्थियों को ड्राइविंग दक्षता परीक्षा के लिए योग्य घोषित किया गया है।
DET इस भर्ती प्रक्रिया का अंतिम और अनिवार्य चरण है, जिसमें उम्मीदवारों की वास्तविक ड्राइविंग क्षमता का परीक्षण होगा। पर्षद ने स्पष्ट किया है कि इस परीक्षा में शामिल होना और सफल होना अनिवार्य है। परीक्षा की तिथि, समय और स्थान की सूचना जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट और समाचार पत्रों के माध्यम से जारी की जाएगी।
प्रवेश पत्र केवल ऑनलाइन जारी होंगे और बिना एडमिट कार्ड किसी को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं मिलेगी। साथ ही, अभ्यर्थियों के पास 17 जुलाई 2024 या उससे पहले जारी वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना जरूरी है।
DET के दिन ही दस्तावेज सत्यापन भी किया जाएगा। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र, PET गेट पास, आवेदन पावती, पहचान पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, जाति, आवास और अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
पर्षद ने स्पष्ट किया है कि आरक्षण का लाभ केवल बिहार के मूल निवासियों को मिलेगा और अभ्यर्थियों को दलालों व फर्जी एजेंटों से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
