कोलकाता: पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद अब सबकी नजर नए मुख्यमंत्री के नाम पर टिकी है. विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाली बीजेपी आज अपने विधायक दल की बैठक में नए नेता का चयन कर सकती है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता पहुंच चुके हैं, जहां उनका स्वागत वरिष्ठ बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया.
पार्टी सूत्रों के अनुसार, आज शाम 4 बजे नवनिर्वाचित बीजेपी विधायकों की अहम बैठक होने की संभावना है. यह बैठक अमित शाह की मौजूदगी में होगी, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा. माना जा रहा है कि इसी बैठक के बाद पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के नाम का औपचारिक ऐलान हो सकता है.
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में बीजेपी नेता Suvendu Adhikari सबसे आगे बताए जा रहे हैं. भवानीपुर सीट से टीएमसी प्रमुख Mamta banarji को हराने के बाद उनका कद पार्टी में और मजबूत हुआ है. राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि बीजेपी नेतृत्व उन पर भरोसा जता सकता है.
चुनाव परिणाम आने के बाद राज्य की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला. ममता बनर्जी ने चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से इनकार कर दिया था. इसके बाद राज्यपाल ने गुरुवार को संविधान के अनुच्छेद 174(2)(b) के तहत विधानसभा भंग करने का आदेश जारी किया. इस फैसले के साथ ही राज्य में टीएमसी सरकार का अंत हो गया और बीजेपी के लिए सरकार गठन का रास्ता साफ हो गया.
2026 विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 207 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि 15 वर्षों से सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस केवल 80 सीटों तक सिमट गई. अब बंगाल में पहली बार बीजेपी सरकार बनने जा रही है, जिसे राज्य की राजनीति में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है.
