भागलपुर के सबौर प्रखंड अंतर्गत मामलखा पंचायत में हर साल बढ़ते गंगा कटाव को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार खुलकर सामने आ गया। “सहयोग शिविर” के दौरान कटाव से परेशान ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और स्थानीय विधायक मिथुन यादव को घेर लिया। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि ग्रामीण विधायक की गाड़ी के आगे खड़े होकर विरोध जताने लगे। लोगों का आरोप था कि गंगा का जलस्तर बढ़ने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है, लेकिन कटावरोधी कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है और प्रशासन सिर्फ आश्वासन देने में लगा है।
मामलखा पंचायत के हाई स्कूल परिसर में आयोजित सहयोग शिविर में मंत्री, अधिकारी और विभिन्न विभागों के कर्मचारी पहुंचे थे। कार्यक्रम की शुरुआत भाषण और औपचारिकताओं के साथ हुई। इसके बाद अलग-अलग विभागों के स्टॉल पर ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से जुड़े आवेदन अधिकारियों को सौंपे। अधिकारियों ने कार्रवाई और समाधान का भरोसा दिया, लेकिन सबसे ज्यादा नाराजगी गंगा कटाव को लेकर देखने को मिली।
ग्रामीणों का कहना है कि कटाव लगातार गांव की ओर बढ़ रहा है। खेत, घर और सड़कें खतरे में हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस और तेज कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीण सुनील मंडल ने कहा कि कई बार शिकायत और मांग के बावजूद सिर्फ कागजी प्रक्रिया चल रही है। वहीं स्थानीय ग्रामीण बिशु मंडल ने कहा कि गंगा अब आबादी के बेहद करीब पहुंच चुकी है और बारिश शुरू होते ही हालात और भयावह हो जाएंगे।
विरोध के दौरान ग्रामीणों ने विधायक से तत्काल स्थायी समाधान और कटावरोधी कार्य में तेजी लाने की मांग की। हंगामे के बीच विधायक मिथुन यादव ने लोगों को शांत कराने की कोशिश की। उन्होंने माना कि कटाव निरोधी कार्य धीमी गति से चल रहा है और इसी वजह से लोगों में नाराजगी है। विधायक ने कहा कि ग्रामीणों की चिंता जायज है और तीन दिन बाद वह खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता के बीच इस तरह का आक्रोश स्वाभाविक है, लेकिन समस्या का समाधान जल्द निकालने का प्रयास किया जाएगा।
गंगा कटाव को लेकर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सहयोग शिविर में विधायक मिथुन यादव का घेराव


