भागलपुर जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मध्य विद्यालय बलाहा में शुक्रवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब शिक्षक राम कुमार झा की ग्रामीणों ने कथित छेड़खानी के आरोप में पिटाई कर दी। घटना विद्यालय गेट के बाहर की बताई जा रही है, जिसमें शिक्षक गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना के पीएसआई हरिश्चंद्र उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल शिक्षक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर भेजा। वहां चिकित्सक डॉ. पद्मिनी घोष की देखरेख में उनका उपचार किया गया।
घटना के बाद शिक्षा विभाग भी सक्रिय हुआ। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) शमी अहमद विद्यालय पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। उन्होंने विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार समेत ग्रामीणों के साथ बैठक कर स्थिति की जानकारी ली। बीईओ के अनुसार, शिक्षक राम कुमार झा द्वारा उपस्थिति पंजी में बिना अनुमति आकस्मिक अवकाश दर्ज करने को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था।
प्रधानाध्यापक विनोद मंडल ने बताया कि मंगलवार को शिक्षक देर से स्कूल आए और बिना स्वीकृति के उपस्थिति पंजी में अवकाश दर्ज कर चले गए। अगले दिन उनकी कोई सूचना नहीं थी। शुक्रवार को जब इस मुद्दे पर सवाल किया गया तो विवाद बढ़ गया। इसी दौरान कुछ छात्राओं ने ग्रामीणों के सामने शिक्षक के खिलाफ शिकायत की, जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने मारपीट कर दी।
वहीं, घायल शिक्षक राम कुमार झा ने आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापक और अन्य शिक्षकों ने साजिश के तहत उन्हें फंसाया और ग्रामीणों से पिटवाया। उन्होंने छेड़खानी के आरोप को पूरी तरह निराधार बताया।
घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षक की पत्नी रोते-बिलखते भवानीपुर थाना पहुंची। थानाध्यक्ष शुंभ कुमार ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच में जुटी


