सहरसा। जिले के रहूआ चौक पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब एक बुलेट और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि बुलेट सवार दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़े।
मृतकों की पहचान बिजलपुर वार्ड नंबर 1 निवासी उमर और अलीशेख के रूप में हुई है। दोनों आपस में ममेरे भाई थे और किसी काम से बाहर निकले थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सदर अस्पताल सहरसा पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
परिजनों ने सदर अस्पताल पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अस्पताल पहुंचने के बाद काफी देर तक कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था। समय पर प्राथमिक उपचार और जरूरी दवाइयां नहीं दी गईं। परिजनों का आरोप है कि यदि तत्काल इलाज शुरू किया जाता तो दोनों की जान बचाई जा सकती थी।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल परिसर में जुट गए और आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
इधर, पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। टक्कर कैसे हुई और कार चालक की क्या भूमिका थी, इसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
