राज्य में डेंगू का कहर बढ़ता जा रहा है। इस महीने 15 दिनों में ही अब तक 4263 डेंगू के मरीज मिल चुके हैं। सितम्बर के 15 दिनों में राज्य में 1760 मरीज ही मिले थे। आंकड़ों से साफ है कि सितम्बर की तुलना में अक्टूबर में दोगुने से अधिक मरीज मिल रहे हैं।

सितम्बर में हर रोज औसतन 215 मरीज मिल रहे थे। वहीं अक्टूबर में हर रोज औसतन 284 मरीज मिल रहे हैं। पिछले पांच वर्षों को देखें तो सबसे अधिक अक्टूबर में ही डेंगू के मरीज मिलते रहे हैं। वर्ष 2019 में अक्टूबर में 3647 मरीज मिले थे। वर्ष 2020 में सबसे कम 493 मरीज मिले थे। वर्ष 2021 में अक्टूबर में 251 मरीज मिले। वहीं वर्ष 2022 में रिकॉर्ड अक्टूबर में 7605 मरीज मिले थे।

इस वर्ष डेंगू के कारण राज्य में मरने वालों का आधिकारिक आंकड़ा 36 तक पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में राज्य में 141 नए डेंगू के मरीज मिले।

सबसे अधिक पटना में 47 मरीज मिले।

राज्य स्वास्थ्य समिति के स्वास्थ्य सचिव संजय कुमार सिंह ने कहा कि डेंगू मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई है।

डेंगू से बचाव के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *