होली पर्व को लेकर भागलपुर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने मधनिषेध विभाग और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि त्योहार के दौरान शराब पीकर सड़कों पर निकलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

 

डीएम ने कहा कि होली जैसे बड़े त्योहारों पर नशे की हालत में वाहन चलाने से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसे रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और मुख्य सड़कों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया है।

 

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस बार जांच महज औपचारिकता नहीं होगी। संदिग्ध वाहन चालकों की ब्रेथ एनलाइजर से जांच की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति शराब के प्रभाव में पाया जाता है तो उसके खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसमें जुर्माना, वाहन जब्ती और गिरफ्तारी जैसी सख्त धाराएं शामिल हो सकती हैं।

 

डीएम ने कहा कि नशे में वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आम लोगों की जान के लिए भी खतरा है। सख्ती बरतकर ही हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

 

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि होली का त्योहार शांति, सौहार्द और जिम्मेदारी के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की हुड़दंग, नशाखोरी या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि इस बार होली पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ कोई समझौता नहीं होगा और पूरे जिले में पुलिस बल पूरी मुस्तैदी से तैनात रहेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *