बिहार के बेतिया जिले में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब एक महिला को उसके ससुराल से लाने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। मामला योगापट्टी थाना क्षेत्र का है, जहां एक पिता ने अपनी बेटी की विदाई नहीं होने पर थाने में आवेदन दिया था। शिकायत के अनुसार, महिला को ससुराल में जबरन रोके रखा जा रहा था।
आवेदन के आधार पर पुलिस टीम गांव पहुंची और महिला को अपने साथ लेकर जाने लगी। लेकिन जैसे ही पुलिस महिला को लेकर आगे बढ़ी, ससुराल पक्ष और कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और ग्रामीणों ने पुलिस टीम का घेराव कर लिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। हंगामे के बीच महिला को पुलिस की गाड़ी से उतार लिया गया।
इस हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामले ने और तूल पकड़ लिया है।
जानकारी के मुताबिक, महिला की शादी करीब एक साल पहले हुई थी और उसका पति बाहर काम करता है। महिला गर्भवती है। ससुराल वालों का आरोप है कि महिला किसी अन्य व्यक्ति से वीडियो कॉल पर बात करती है, जिसके चलते घर में विवाद चल रहा था। इसी वजह से ससुराल पक्ष ने उसे मायके भेजने से इनकार कर दिया था।
जब महिला के पिता खुद विदाई कराने पहुंचे, तो उनके साथ भी बदसलूकी की गई। इसके बाद उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस कार्रवाई के लिए पहुंची थी।
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-2 रजनीश कांत प्रियदर्शी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि अन्य शामिल लोगों की पहचान कर जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
