apnabiharjharkhand

चीरागोड़ा मैदान में मिला मोबाइल दुकानदार का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

धनबाद : जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित चीरागोड़ा श्मशान रोड मैदान में मंगलवार सुबह एक 42 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हीरापुर हटीया मोड़ निवासी राजेश चन्द्रवंशी के रूप में हुई है, जो मोबाइल डाउनलोडिंग की दुकान चलाता था। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।

जानकारी के अनुसार राजेश चन्द्रवंशी सोमवार रात अपनी दुकान बंद कर घर लौटने के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचे। काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश करने के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने चीरागोड़ा श्मशान रोड स्थित मैदान में एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने शव की पहचान राजेश चन्द्रवंशी के रूप में की। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि सूद पर पैसे के लेन-देन को लेकर सोमवार को गौतम नामक व्यक्ति के साथ राजेश की कहासुनी हुई थी। परिवार का कहना है कि उसी विवाद में उनकी हत्या की गई है। परिजनों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही धनबाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने की कोशिश की, लेकिन परिजन और स्थानीय लोग आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव उठाने का विरोध करने लगे। काफी देर तक मौके पर हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। पुलिस लोगों को समझाने और मामले को शांत कराने में जुटी रही।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *