समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर एक दिल दहला देने वाला हादसा होते-होते टल गया. रेलवे लाइन पार कर प्लेटफॉर्म पर चढ़ रहे एक परिवार के चार सदस्य अचानक ट्रेन आने से प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंस गए. इस दौरान एक मां अपनी मासूम बच्ची को सीने से लगाए पूरी हिम्मत के साथ जिंदगी की जंग लड़ती रही. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
जानकारी के अनुसार परिवार पटोरी में एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होकर रोसड़ा लौट रहा था. स्टेशन के दूसरी तरफ ऑटो से उतरने के बाद सभी लोग रेलवे लाइन पार कर प्लेटफॉर्म की ओर जा रहे थे. तभी तेज रफ्तार ट्रेन आ गई और परिवार के चार सदस्य ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच बने गैप में फंस गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेन की करीब दस बोगियां गुजरने तक स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. लोग दहशत में चीखते-चिल्लाते रहे और भगवान से सभी की सलामती की दुआ करते रहे. इस खौफनाक मंजर के बीच एक महिला अपनी बच्ची को मजबूती से सीने से लगाए रही. ट्रेन गुजरने के बाद स्टेशन पर मौजूद लोगों ने तुरंत सभी को बाहर निकाला.
हादसे में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि बच्ची समेत दो अन्य लोग बाल-बाल बच गए. घायल महिलाओं में सविता देवी भी शामिल हैं. सभी को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर किया गया.
ऑन ड्यूटी चिकित्सक एसके झा ने बताया कि एक महिला को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य घायलों के हाथ और पैर में चोट लगी है. वहीं नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह घटना रेलवे लाइन पार करने की खतरनाक आदत पर बड़ा सवाल खड़ा करती है. थोड़ी सी लापरवाही किसी भी समय बड़ा हादसा बन सकती है.


