पटना: देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों आईआईटी में दाखिले का रास्ता खोलने वाली जेईई एडवांस 2026 परीक्षा आज देशभर में आयोजित की जा रही है. इस बार परीक्षा की जिम्मेदारीIndian institute of Technology Roorkee को सौंपी गई है. परीक्षा कंप्यूटर आधारित मोड में देश के 222 शहरों में हो रही है. बिहार से करीब 14 हजार से अधिक छात्र इसमें शामिल हो रहे हैं, जबकि देशभर से लगभग 1.80 लाख अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं.
परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी. पहला पेपर सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरा पेपर दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगा. अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने का निर्देश दिया गया है. पहले पेपर के लिए सुबह 7 बजे तक और दूसरे पेपर के लिए दोपहर 2 बजे तक रिपोर्टिंग करनी होगी. छात्रों को एडमिट कार्ड के साथ आधार कार्ड, वोटर आईडी या अन्य वैध पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य है.
इस बार परीक्षा में सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर कई सख्त नियम लागू किए गए हैं. नकल रोकने के लिए जूते पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश पर रोक लगाई गई है. केवल चप्पल या सैंडल पहनकर ही एंट्री मिलेगी. अंगूठी, चेन, ब्रेसलेट, ईयररिंग्स, घड़ी समेत किसी भी धातु से बने आभूषण पहनने की अनुमति नहीं होगी. इसके अलावा मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे. नियमों का उल्लंघन करने पर उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है.
परीक्षा केंद्रों पर इस बार तकनीक का भी व्यापक इस्तेमाल किया जा रहा है. एडमिट कार्ड पर मौजूद बारकोड को स्कैन कर अभ्यर्थियों की पहचान और सीट की पुष्टि की जाएगी. इसके बाद छात्रों को सीधे उनके निर्धारित कंप्यूटर सिस्टम तक पहुंचाया जाएगा. तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए विशेष टीमों की तैनाती की गई है. वहीं रफ वर्क के लिए छात्रों को परीक्षा केंद्र पर ही स्क्रिबल पैड उपलब्ध कराया जाएगा.
देशभर के विभिन्न आईआईटी में करीब 20 हजार सीटों के लिए यह परीक्षा आयोजित हो रही है. बिहार के छात्रों का प्रदर्शन हर साल बेहतर रहा है, ऐसे में इस बार भी अभिभावकों और छात्रों की नजर परिणाम पर टिकी है.


