जामताड़ा में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सुभाष चौक पर आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम का नेतृत्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष दीपिका बेसरा ने किया।
कांग्रेस जिला कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद की। सुभाष चौक पर कुछ देर के लिए राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया।
प्रदर्शन में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य एवं आपूर्ति मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रामा खालको मुख्य रूप से मौजूद रहीं। इस मौके पर डॉ. इरफान अंसारी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता के मुद्दों से ध्यान हटाकर बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी हुई है।
वहीं प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रामा खालको ने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक असर महिलाओं पर पड़ रहा है। घर का बजट संभालना दिन-ब-दिन मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और महंगाई कम करने की मांग उठाई। हालांकि पूरा प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने लोगों से आगामी आंदोलनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
संवाददाता : संतोष कुमार, जामताड़ा
जामताड़ा में कांग्रेस का महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन, मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार पर साधा निशाना


