apnabiharjharkhand

भागलपुर में प्रथम बिहार रैंकिंग स्पीड स्केटिंग चैंपियनशिप का आगाज, 11 जिलों के 100 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा


भागलपुर के सबौर स्थित बाबूपुर में वर्षा स्केटिंग एकेडमी के परिसर में बिहार रोलर स्केटिंग संघ के तत्वावधान में प्रथम बिहार रैंकिंग स्पीड स्केटिंग चैंपियनशिप का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बिहार के 11 जिलों से लगभग 100 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इस आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।


दो दिवसीय इस स्पीड स्केटिंग चैंपियनशिप का उद्घाटन मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में जिला खेल पदाधिकारी जयनारायण कुमार, सतीश कुमार, बिहार रोलर स्केटिंग संघ के सचिव ततहीर जाराह, जिला सॉफ्ट टेनिस संघ के सचिव जयंत कुमार समेत कई खेल पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक के रूप में विश्वजीत कुमार और आशीष कुमार भी शामिल रहे।

प्रतियोगिता में पटना, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, गया, पूर्णिया सहित बिहार के 11 जिलों से आए लगभग 100 बच्चे विभिन्न आयु वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। खिलाड़ियों ने तेज रफ्तार और संतुलन का शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का मन मोह लिया।

इस मौके पर बिहार रोलर स्केटिंग संघ के सचिव ततहीर जाराह ने कहा कि बिहार में स्केटिंग खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, ताकि राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर मंच मिल सके।

जिला खेल पदाधिकारी जयनारायण Kumar ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं बच्चों को नई दिशा देने का काम करती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और खेल विभाग लगातार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के अभिभावकों और स्थानीय लोगों की भी भारी भीड़ देखने को मिली। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा तथा बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *