बिहार के मोतिहारी से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां पताही थाना क्षेत्र के परसौनी कपूर गांव में चोरों ने एक पूर्व शिक्षक के घर को निशाना बनाते हुए करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब पूरा परिवार घर में ताला लगाकर एक शादी समारोह में शामिल होने गया हुआ था।
पीड़ित पूर्व शिक्षक बच्चा कुमार के अनुसार, वे 23 अप्रैल को अपने बेटे के ससुराल, भटहां गांव गए थे। इसी दौरान मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने सूने घर का फायदा उठाया। चोरों ने पहले मुख्य गेट का ताला तोड़ा और फिर घर के अंदर घुसकर एक-एक कर छह कमरों के ताले, पेटी, बक्से और अलमारियां तोड़ डालीं। इस दौरान चोरों ने 32 भर सोने के गहने, करीब एक किलो चांदी के आभूषण, कीमती कपड़े और जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए।
बुधवार सुबह ग्रामीणों को घर के बाहर संदिग्ध स्थिति नजर आई, जिसके बाद उन्होंने बच्चा कुमार को फोन कर सूचना दी। सूचना मिलते ही वे घर पहुंचे और अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। पूरे घर में सामान बिखरा पड़ा था और ताले टूटे हुए थे। पड़ोसियों का कहना है कि रात में कोई हलचल महसूस नहीं हुई, जिससे चोर आराम से घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीपीओ कुमार चंदन और अन्य अधिकारियों ने टीम के साथ जांच शुरू की। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच भी शुरू कर दी है। मौके से चोरों के पैरों के निशान और टूटे ताले बरामद हुए हैं।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आसपास के इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
