भागलपुर जिले के एकचारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी मोहनपुर गांव स्थित बजरंग बली मंदिर के पास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो देसी कट्टा और एक खाली खोखा बरामद किया है। इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई रात में वाहन चेकिंग और गश्ती अभियान के दौरान की गई।

 

जानकारी के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में फरार और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बड़ी मोहनपुर गांव में कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग एकत्र होकर गोलीबारी कर रहे हैं और इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

 

सूचना मिलते ही कहलगांव-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो लोहे के बने देसी कट्टा और एक खाली खोखा बरामद किया गया।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेश मंडल (40 वर्ष), राजेश कुमार (22 वर्ष), ज्योतिष मंडल (35 वर्ष), हरिकेतन मंडल (29 वर्ष) और रोहित कुमार (27 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी आरोपी बड़ी मोहनपुर गांव, थाना एकचारी, जिला भागलपुर के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार ज्योतिष मंडल के पास से एक खोखा बरामद हुआ, जबकि हरिकेतन मंडल और रोहित कुमार के पास से एक-एक देसी कट्टा बरामद किया गया।

 

जांच में यह भी सामने आया है कि उमेश मंडल का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ एकचारी थाना में मारपीट, धमकी सहित कई मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपियों के खिलाफ फिलहाल कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।

 

पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने कहा है कि जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *